Monday, October 24, 2011

अनसुलझा ! मसला-ए-जन

त्रिया चरित्र समझना मुश्किल है। ऐसी पहेली जो अब तक अबूझ है। इस रहस्य की थाह तो अब तक नहीं पाई जा सकी। महिलाओं के बारे में पुरुषों का सोचना कुछ ऐसा है। कुछेक दिन पहले मौज-मस्ती के मूड से मैं अपने दोस्तों से मिलने पहुंची। राजनीति, संस्कृति जसे मुद्दों पर चर्चा हुई पर सबसे ज्यादा समय औरतों के चरित्र व्याख्यान में बीता। हिसाब लगाकर देखा तो हम लोग तकरीबन चार घंटे साथ रहे। इसमें करीब ढाई घंटे महिलाओं के रहस्य को उजागर करने के लिए जुलाहों में लट्ठम-लट्ठा हुआ। कल दफ्तर पहुंची तो मेरे एक सहयोगी ने भी औरत चरित्र को रहस्यात्मक बताकर परेशानी जाहिर की। उन्होंने पुरानी कहावतों का हवाला देकर कहा कि जब बड़े-बड़े बुद्धिजीवी, बादशाह तक इसे नहीं समझ सके तो फिर हम तो आम हैं। शाम हुई चाय के लिए दोस्तों के साथ दफ्तर एक खोखे में पहुंची। एक बार फिर चर्चा के कें्र में महिलाएं थीं। हालांकि इससे पहले भी मैंने अपने पुरुष मित्रों के भीतर इस रहस्य को उजागर कर पाने की कसमसाहट देखी है। ये चर्चाएं हाल ही में हुईं सो जिक्र कर दिया। मैं महिलावादी नहीं हूं और उन चर्चाओं से मैं अक्सर कन्नी काट लेती हूं, जिनके विषय मनगढ़ंत होते हैं। औरत के विषय में भी मेरा मानना यही है कि महिलाओं पर बने जुमलों में से अधिकतर सुविधानुसार गढ़े गए हैं, इन्हें गढ़ने में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं। रात को काम खत्म किया, कैंटीन में पहुंची। फिर मेरे पुरुष मित्रों ने अपना पसंदीदा राग छेड़ा। मतलब राग--औरत। मेरे लिए यह मुद्दा कभी गरम नहीं रहा। लेकिन जाने क्यों आज रहा नहीं गया और मैं भी इसका हिस्सा बन गई। मैंने कुछ इस अंदाज में बोलना शुरू किया। मैं एक महिला हूं लेकिन मैं फिर भी किसी भी पुरुष या फिर महिला को सौ फीसदी समझने का दावा नहीं कर सकती। मां, पिता, भाई- बहन और मेरे बेहद अजीज रहे पुरुष और महिला दोनों ही मित्रों को आज तक मैं पूरी तरह से समझ नहीं पाई। अपने एक मित्र की तरफ इशारा करके मैंने कहा क्या तुम अपने फलां पुरुष मित्र को पूरी तरह समझने का दावा कर सकते हो? मेरा मानना है कि हर चरित्र व्यक्तिगत होता है। फर्क नहीं पड़ता कि वो मर्द का है या औरत का। कुछ और जोश आया, दरअसल औरत शुरू से ही नगरपालिका की जमीन रही है, जिसने चाहा खूंटा गाड़ दिया। व्यक्तिगत तौर पर मैं इसके लिए पुरुषों को पूरी तरह से जिम्मेदार नहीं ठहराती। अब सबके बस की बात नहीं कि वो देश की राजनीति पर कोई सार्थक टिप्पणी करे, अर्थ जसे गंभीर मुद्दे पर कुछ कहे, खेल पर कुछ बोले। किसी खास महिला की बात हो तो ठीक है, लेकिन उन्हें अपवाद मानकर चर्चा में रखा ही नहीं जाता। मेरा इतना कहना था कि वही हुआ जिसका मुङो अंदेशा था। उसने मुझ पर महिलावादी होने का ठप्पा लगा दिया। और बेहद रसीले अंदाज में कहा भई हम भी कब इस पर्दे को उठाना चाहते हैं। कई फुहड़ की तरह इस पर भी मैंने ध्यान नहीं दिया। वहीं बैठे शायर टाईप दोस्त ने कहा, हजार हकीमों ने समझाया पर ये मसला--जन रहा वहीं का वहीं। मेरी एक दूसरी महिला मित्र ने जवाब दिया। जी पहले तो उन हकीमों की सूची लाओ, जिन्होंने पूरी जिंदगी महिलाओं पर शोध करके गुजारी हो। मेरे मुंह से बस इतना ही निकला लाजवाब!

1 comment: